Monday, May 3, 2010

ब्रान ड्रेन यानि श्रम पलायन

     ब्रेन ड्रेन की बहु चर्चित समस्या से हम सभी पूर्णतया परिचित हैं | ब्रेन ड्रेन यानी बुद्धि पलायन की समस्या अपने स्वरूप, प्रभाव तथा विस्तार में इतनी खतरनाक नहीं है , जितनी कि ब्रान ड्रेन की समस्या | भारत मे बुद्धि एवं बुद्धिमता इतनी ज्यादा है कि कितनी भी बुद्धि यहाँ से पलायन कर जाय, देश पर इसका तनिक भी प्रभाव नहीं पड़ता | कुछ बूंदे निकाल लेने से जिस तरह समुद्र पर कुछ प्रभाव नहीं पड़ता है, उसी प्रकार इस महान देश से कुछ बुद्धजीवियों के बाहर चले जाने से देश पर कोई विशेष असर नहीं पड़ता | अतः बुद्धि पलायन देश के लिए कोई विशेष चिंता का विषय नहीं है |
     ब्रान ड्रेन यानी श्रम पलायन बहुत बड़े क्षेत्र तक फैली हुई एवं बहुत बड़े पैमाने पर व्याप्त समस्या है| श्रम पलायन समस्या की गंभीरता बुद्धि पलायन की तुलना मे हजारों गुना अधिक बड़ी है | संतुलित आर्थिक विकास के परिप्रेक्ष्य मे यह समस्या सबसे बड़ा अभिशाप सिद्ध हुई है | कहने का तात्पर्य यह है कि यह समस्या ब्रेन ड्रेन की तुलना मे न केवल कई गुना खतरनाक है, वरन इसका फैलाव बहुत बड़े क्षेत्र एवं पैमाने पर है | परन्तु दोनों समस्याओं का मूल आधार मुख्यतया आर्थिक है | वैसे बुद्धि एवं श्रम की प्रवृति सभ्यता के स्तरीकरण से जुडी है | यह प्रवृति ग्रामीण सभ्यता से शहरी सभ्यता और शहरी सभ्यता से और अधिक विकसित सभ्यता की ओर जाने की है |
      यह कहावत बिल्कुल सही है कि चिराग तले अँधेरा होता है और ड्योढ़ी के बिल्कुल पार कुछ दिखाई नहीं देता | ब्रेन ड्रेन क्षितिज जितनी दूर की समस्या है, इसलिए इस ओर सबका ध्यान चला जाता है , परन्तु ड्योढ़ी के बिल्कुल पार की ब्रान ड्रेन की समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं जाता | यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि हम अभी तक इस समस्या की समुचित पहचान नहीं कर पायें हैं और इस समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं | करीब तीन सौ वर्षो से यह समस्या चली रही है | जब अंग्रेज सोना कमाने (मजदूरी सोने मे मिलेगी ) की लालच देकर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, उडीसा एवं बुंदेलखंड, जहाँ गरीबी ज्यादा रही है, से सस्ते मजदूर के रूप मे बहुत सारे भारतीयों को विदेश ले गए थे, जो आज प्रवासी भारतीय के रूप मे जाने जाते हैं | आजकल ऐसे क्षेत्रों का श्रमिक थोड़ी ज्यादा मजदूरी के प्रलोभन मे कोलकोता, मुंबई, दिल्ली, सूरत और पंजाब आदि शहरों को चला जाता है और इन विकसित क्षेत्रों के विकास मे चार चाँद लगाता है |
      मजदूरी हेतु बाहर जाने वाला इन क्षेत्रों का श्रमिक अपने अपने क्षेत्र के श्रम समुदाय का मक्खन होता है, जिसका लाभ भी विकसित क्षेत्रो को ही मिलता है | ऐसे श्रमिकों की जन्मभूमि अपने सर्वाधिक पुष्ट (मक्खन ) श्रम के लिए तरसती रहती है, क्योंकि उसके हिस्से मे केवल छाछ ही आता है और मक्खन तो श्रम पलायन की प्रक्रिया द्वारा बाहर जाकर विकसित क्षेत्रों को और अधिक विकसित बनाता है और उनका अपना क्षेत्र अविकसित ही बना रहता है | ऐसा श्रमिक, जो अपने निवास क्षेत्र की पूर्ण उपेक्षा करके बड़े शहरों के विकास एवं सौन्दर्य बढ़ाने का माध्यम बनता है, बड़े शहरों मे तिरस्कार एवं उपेक्षा का वर्ताव झेलता है | वह उत्तर भारतीय होने का अभिशाप भी झेलता है और इन क्षेत्रो के मूल निवासियों से कृतज्ञता के व्यवहार की जगह उनके अत्याचार का दंश भी भोगता है | वह भईया व मघय्या जैसे उपेक्षित विशेषणों से विभूषित होकर भी बिना विचलित हुए इन शहरों की प्रभुता ,समृद्धि एवं सौन्दर्य को अपने खून पसीने से सींच कर उनमे चार चाँद लगाता  जा रहा है |
         यह पलायित श्रम अपने अविकसित क्षेत्र का सर्वाधिक पुष्टता कारक तत्व होता है | दूसरे शब्दों में इन्हें उनके पिछड़े क्षेत्र का मक्खन कहा जा सकता है | अपने क्षेत्र का सर्वाधिक पुष्ट तत्व होने के बावजूद  एवं अपनी सस्ती सौदेबाजी की ( बारगेनिंग पॉवर ) के कारण ही यह श्रमिक विकसित क्षेत्र में जाकर श्रम प्रतियोगिता में आगे रहता है और अपने अविकसित क्षेत्र के पिछड़ेपन की कीमत पर विकसित क्षेत्रों की समृद्धि तथा सौंदर्य का साधन बनता है | यह स्थिति अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण और अवांछित भी है | यदि हम अविकसित क्षेत्रों को विकसित करके संतुलित आर्थिक विकास का सपना साकार करना चाहते हैं , तो सर्वप्रथम इन अविकसित क्षेत्रों के सर्वाधिक पुष्टता कारक तत्व यानी श्रम के पलायन को रोकना होगा | यदि ऐसा न किया गया तो अविकसित क्षेत्र का पूरा का पूरा मक्खन विकसित क्षेत्र के हिस्से में आता रहेगा और अविकसित क्षेत्र को अपने बचे कुचे छाछ से ही संतोष करना पड़ेगा | इस प्रकार विकसित और अविकसित क्षेत्रों की खाई मे कभी भी कमी नही हो सकेगी , वरन यह बराबर बढती ही जायेगी | अतः संतुलित आर्थिक विकास के उद्द्येश्य से सर्वप्रथम इस श्रम पलायन की प्रवत्ति के ऊपर हमें प्रभावी ढंग से अंकुश लगाना पड़ेगा , जिसके परिणामस्वरूप अविकसित क्षेत्रों के विकास की संभावना एवं वातावरण बन सकेगा |
     इस  महान उद्द्येश्य की प्राप्ति की दिशा में क़ानून तक बनाया जाना चाहिए | परन्तु यह भी सच है की कोई क़ानून की प्रवत्ति पर नियंत्रण करने में कभी सहायक नही हुआ है | अत्यो इस श्रम पलायन के कारक तत्वों की चांबान करके तदनुसार उपचार ढूँढना अधिक लाभदायक सिद्ध हो सकता है | वैसे अधिक मजदूरी मिलने के कारण ही श्रमिक बाहर चला जाता है यदि उतनी ही आकर्षक मजदूरी के अवसर उनके घर के आसपास उपलब्ध करा दिए जाएँ तो वे अपना घर बार छोड़कर क्यों प्रवासिय होंगे | अभी तक हमारे आर्थिक विकास कार्यक्रमों का लाभ अविकसित क्षेत्रों के अवशिष्ट जनों को मिलता आया है जो अपनी कुंद शमता के कारण न केवल सार्वजनिक धन के दुरूपयोग का माध्यम बनते आये हैं , इससे उनका तथा क्षेत्र को कोई लाभ नही मिल पता है | यदि आर्थिक विकास कार्यक्रमों का लाभ इन मक्खंरूपी श्रमिकों को दिया जाय तो वे अपनी देख रेख में १-२ अति अविकसित व्यक्तियों को भी लाभान्वित कर सकेंगे | इससे अविकसित क्षेत्रों का विकास भी हो सकेगा | इन पलायन किये गए श्रमिकों को इस प्रकार पुनर्वासित करने के उपरान्त गरीबी रेखा के नीचे के अव्शिश्त्जनों के विकास का कार्यक्रम हाथ में लिया जा सकता है जिसमे उनमें जोखिम उठाने की कमी की प्रतिपूर्ति भी इन कुशल श्रमिकों के द्वारा करायी जा सकती है | इससे सार्वजानिक धन का सदुपयोग तो होगा ही गरीबी रेखा के नीचे के लक्षित परिवारों को वास्तविक रूप में लाभान्वित किया जा सकेगा | इस प्रक्रिया से विकास कार्यक्रमों के प्रभाव के वाश्पायन से बचा जा सकेगा और सीमित साधनों का दुरुपयोग रोककर उनसे अधिकाधिक लाभ लिया जा सकेगा |
                             इसके लिए लघु एवं कुटीर उद्योगों को नए सिरे से संगठित करना पड़ेगा , जिससे इसका लाभ बिचौलियों को न जा सके | इसके लिए १००-१५० व्यक्तियों के लिए स्थानीय कचे माल पर आधारित उद्योग स्थापित किया जा सकता है जैसे चित्रकूट में आंवले के लाखों पेड़ जंगले में है जिनपर आधारित उद्योग धंधा स्थापित किया जा सकता है इसी प्रकार यहाँ जड़ी बूटियों के काम को हाथ में लेकर क्षेत्रवासियों तथा क्षेत्र को लाभान्वित किया जा सकता है | उद्योग धंधों के विकेन्द्रीयकरण से संतुलित आर्थिक विकास का सपना सार्थक किया जा सकता है ओर श्रम पलायन की प्रवत्ति पर भी कारगर ढंग से रोक लगायी जा सकती है |  सामाजिक समस्याएँ

अपना बुंदेलखंड डॉट कॉम के लिए श्री जगन्नाथ सिंह पूर्व जिलाधिकारी, (झाँसी एवं चित्रकूट) द्वारा

No comments:

Post a Comment