Showing posts with label संस्कृति. Show all posts
Showing posts with label संस्कृति. Show all posts

Saturday, January 8, 2011

बचत की आदत:विकास का मूलमंत्र

    संकटकालीन समय तथा भविष्य की आकस्मिक  ज़रूरतों  के लिए बचत करना एक अत्यधिक स्वाभाविक मानव स्वभाव है  और यह विकास एवं कल्याण के लिए बहुत आवश्यक भी  है  | मनुष्यों की बात तो दूर  यहाँ तक कि जानवरों  मे भी संकट काल  के लिए बचत करने की प्रवृति व व्यवहार देखने को मिल जाता  है | गिलहरी, चींटी, ऊंट और हाथी आदि लगभग अधिकांश  जानवरों मे  भविष्य की संकट कालीन स्थिति के लिए संग्रह करने की प्रवृति पाई जाती है | जबकि जानवर वर्तमान मे ही जीते हैं और उनमे भविष्य के लिए चिता करने का भाव व  स्वभाव नहीं होता है | इसे ही हम बचत की सार्वभौम आदत की संज्ञा दे सकते हैं | मनुष्यों मे तो  बचत की आदत एक  अपरिहार्यता  है | अतयव वे मनुष्य,  जिनमे बचत की आदत नहीं होती, जानवरों से भी गए गुजरे माने जावेगें |            
             इस बचत की आदत के  न होने के कारण प्रायः छोटी व सामान्य सी समस्याएं  पहाड़ जैसी दुर्गम एवं कठिन लगने लगती हैं | एक उदाहरण लेकर मैं इसे स्पष्ट करना चाहूँगा | लडकियाँ सामान्यतया इस कारण भार- स्वरूप प्रतीत होती हैं कि उनकी शादी आदि प्रयोजनों  मे काफी खर्चा करना होता है | बचत की यही आदत  लोगों को इस गंभीर  चिंता से मुक्त करा सकती  हैं | लड़की के माता पिता लड़की के जन्म के समय  ही  अपने आर्थिक- सामाजिक स्तर के अनुसार कुछ  हजार अथवा  कुछ  लाख रुपया २० साल के लिए लड़की के नाम सावधि जमा करा देते हैं, तो शादी के समय  अपेक्षित धन की व्यवस्था स्वतः  हो जावेगी | ऐसी स्थिति मे लडकियों को भार स्वरूप समझने की स्थिति नहीं रह जाएगी | इतना ही नहीं , लडको की ही तरह यदि लड़कियों को भी पढ़ा लिखा कर आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बना दिया जाता है तो लड़की भी लड़कों की तरह कमाने योग्य अर्थात asset बन जावेंगी | इससे लड़कों को asset तथा लड़कियों को liability समझ कर दहेज़ लेने व देने की कुरीति को समूल समाप्त करना भी  संभव हो सकता है , क्योंकि दहेज़ का मूल कारण आर्थिक ही है |.   
             अब बचत की इस आदत को न अपनाने के दुष्परिणाम की तरफ यदि हम दृष्टिपात करें तो हम पाते हैं कि गरीबों उन्मूलन सहित तमाम ऋण योजनाओं मे किस्त देने हेतु अपेक्षित बचत करना अपरिहार्य  होता है , तभी ऋणी व्यक्ति बैंकों व तहसील का बकायेदार बनकर उत्पीडित होने  तथा वारंट गिरफ़्तारी आदि खतरनाक व घातक हथियारों के आघात से बचा रह सकता है | सरकारी मशीनरी तथा बैंक अपने कर्जों की वापसी हेतु किस्त भुगतान हेतु अपेक्षित धनराशि एकत्रित रखने के आशय से बचत करने की आदत डलवाने का प्रयास नहीं करते जो उनके तथा उनकी संस्था के लिए भी लाभदायक होता है | पर यह लोग कर्जदारों के पास तभी पहुंचते हैं, जब उनके शस्त्रागार मे वारंट- कुर्की- गिरफ़्तारी जैसे मारक व कारगर  हथियार आ जाते हैं | उनका यह व्यवहार मनुष्य का मनुष्य के साथ अपनाने जाने योग्य न होकर जात- शत्रुओं के साथ अपनाने वाले व्यवहार जैसा ही होता है |     
        कुछ लोग तो लोगों द्वारा बचत की आदत डालने के ही पक्षधर नहीं होते | ऐसे चार्वाक दर्शन के मानने वालों का मानना है कि " यावत जीवेत सुखं जीवेत , ऋणं कृत्वा घृतं पिवेत  |                   भस्मीभूतस्य  देहस्य पुनरागमनं  कुतः | " ऐसी सोंच वाले लोग मनुष्य जाति और मनुष्यता के खतरनाक  शत्रु हैं और इससे मानव का विकास व कल्याण मे सर्वाधिक बाधा पहुंचती है |   
        इसीलिए मानव कल्याण व विकास के हित मे बचपन से ही बचत की आदत डलवाना परिवार, सरकार, समाज तथा शिक्षण संस्थाओं के दायित्व में सामिल होना चाहिए | इसके अलावा बचत की आदत को बढ़ावा देने हेतु प्रत्येक स्तर पर हर प्रकार का प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए | बैंकों द्वारा ऋण देने के साथ ही ऋण वापसी हेतु कमसे कम किस्त की धनराशि के बराबर बचत सुनिश्चित कराने का दायित्व भी बहन करना चाहिए और ऋण वापसी न सुनिश्चित हो पाने  की दशा में आधी जिम्मेदारी बैंकों को बहन करना चाहिए |      
          कुछ लोगों का मानना है कि केवल खूब खाते- पीते लोगों द्वारा ही बचत की आदत डालना संभव है जो सही नहीं है | जबकि सही बस्तुस्थिति यह है कि प्रत्येक व्यक्ति, यहाँ तक कि भिखारी भी बचत कर सकता है और ५० - १०० रूपये का रिकरिंग डिपाजिट का खाता खोलवा कर इस खाते को निरन्तर चला सकता है | इसके लिए सबसे जरुरी चीज है इच्छा शक्ति की, जो हर एक मनुष्य के पास हो सकती है और इसके लिए व्यक्ति का आत्म विश्वास ही अपेक्षित होता है | तभी तो कई भिखारियों के मरने के बाद यह प्रायः देखने मे आता रहता है कि वे अकूत सम्पतियों व बड़े कारोबार के मालिक रहे हैं |     
 
अपना बुंदेलखंड डॉट कॉम के लिए श्री जगन्नाथ सिंह पूर्व जिलाधिकारी, (झाँसी एवं चित्रकूट) द्वारा

Monday, March 29, 2010

लाइसेंस - बंधुआ प्रथा का अंत

बुंदेलखंड वीर भूमि रही है और कदाचित इसी कारण यहाँ के निवासियों में शस्त्र लाइसेंस की बड़ी चाहत देखने को मिलती है | बुंदेलखंड क्षेत्र में पैदल, साइकिल तथा जीपों में बन्दूक लेकर चलते हुए बहुत सारे लोग दिखाई पड़ते हैं जो बाहरी लोगों के लिए एक अचम्भा और स्थानीय लोगों के लिए एक स्टेटस सिम्बल होता है |  जिनके पास समुचित घर और खाने-पहनने की समुचित व्यवस्था नही है वे  भी किसी भी कीमत पर शस्त्र लाइसेंस चाहते हैं चाहे इसके लिए  ज़मीन भी बेंचनी पड़े |  इसी यथार्थ और विडंबना की अभिव्यक्ति श्री कैलाश मडवैय्या ने निम्न पंक्तियों में की है:

                                                            बैरी इतै बड़ात ना तै नई इतै कुसाय,
                                                            वोउत खेतन मे खडग बंदूकें जम आयं |

बुंदेलखंड क्षेत्र में शस्त्र और शास्त्र की बड़ी पुरानी परंपरा रही है पर आधुनिक समय में शस्त्रों के बेढब प्रदर्शन और सामाजिक आवश्यकता क्षेत्र के पिछड़ेपन को दर्शाती है | डाकू ग्रस्त क्षेत्र होने से उपजी  भयग्रस्तता के फलस्वरूप भी लोगों को हथियारों की आवश्यकता महसूस होती है | इस समस्या का एक और पहलू है, वैध हथियार लाइसेंसों की बदौलत मिलता रोजगार जो यहाँ के बेरोजगार नवयुवकों को सूरत, मुंबई, दिल्ली,  पंजाब आदि स्थानों पर सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने में मददगार होतें हैं |
           शस्त्र लाइसेंस प्राप्त करने की प्रबल लालसा के कारण लोग  इस दिशा में सांगोपांग प्रयास करतें हैं | उसे ऐसे प्रभावी व्यक्ति की तलाश रहती है जो जिलाधिकारी या अन्य अधिकारियों से अच्छा रसूक रखता हो और उसे शस्त्र लाइसेंस दिला सकता हो | जहां उसे ऐसा व्यक्ति विशेषतया राजनेता दिखाई पड़ता है , वह पूर्ण समर्पण कर उसके साथ लग लेता है | ऐसा राजनेता भी यह जानते हुए भी कि वह लाइसेंस नही दिला सकता , उस व्यक्ति को अपना लाइसेंस  बंधुआ बनाकर वर्षों  तक उससे तरह तरह के बेगार लेता रहता है | तथाकथित राजनेता तरह तरह की झूठी कहानियाँ सुना कर उन व्यक्तिओं का  आर्थिक, शारीरिक और मानसिक शोषण का शिकार  बनाता है |  कभी जोड़-तोड़ अपने प्रभाव, जुगाड़ व दलाली की बदौलत एकाध व्यक्ति को शस्त्र लाइसेंस अगर मिल गया तो  लोगों की नज़र में वह राजनेता और अधिक महत्त्वपूर्ण व मूल्यवान हो जाता है |
                             
         एक दशक पहले चित्रकूट जनपद में एक विचित्र घटना घटी | कारगिल युद्ध  हेतु धन एकत्र करने के वास्ते राष्ट्रीय सहयोग राशि और चंदे के आधार पर उपयुक्त पात्रों को लाइसेंस दिए गए और सिर्फ दो दिन में हजारों बंधुआ शस्त्र लाइसेंस मुक्त हो गए |  इसके फलस्वरूप चित्रकूट जनपद में लाइसेंस बंधुआ प्रथा एवं दादू प्रथा का अंत हो गया और वर्ष २००२ में अपराधों का  ग्राफ  गिर कर लगभग १०% ही रह गया | पिछड़े क्षेत्रों में शोषण के अनेक आयाम होते हैं | विकास से पुनर्जागरण और परिणामतः शोषण से मुक्ति होती है जो एक निरंतर प्रक्रिया है | बुंदेलखंड को ऐसे और भी कई शोषकों से मुक्ति और जागरूक नेतृत्व का इंतज़ार है |

अपना बुंदेलखंड डॉट कॉम के लिए श्री जगन्नाथ सिंह पूर्व जिलाधिकारी, (झाँसी एवं चित्रकूट) द्वारा  

Tuesday, March 23, 2010

बुंदेलखंड का विकास: परिदृश्य एवं संभावनाएं

श्री जगन्नाथ सिंह, पूर्व गृह सचिव, उ० प्र०

बुंदेलखंड एक अलग एवं स्वतंत्र आर्थिक -
सामाजिक - भौगोलिक प्रक्षेत्र है | इस क्षेत्र का विकास तब तक संभव नहीं हो सकता, जबतक बुंदेलखंड क्षेत्र की विशिष्ट समस्याओं की पहचान, उनके समाधान की खोज, योजना विरचन एवं कार्यान्वयन का कार्य बुंदेलखंड की धरती पर बैठकर नहीं होगा | अभी तक एक भिन्न आर्थिक - सामाजिक - भौगोलिक क्षेत्र (लखनऊ एवं भोपाल) से बुंदेलखंड के सभी कार्य संपन्न हो रहे हैं | तभी तो बुंदेलखंड की समस्याओं के समाधान की बात तो बहुत दूर है, अभी तक समस्याओं तक की सही रूप से पहचान नहीं हो सकी है और बुंदेलखंड उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के सर्वाधिक पिछड़े हिस्से के रूप में है | वैसे आजकल राजनीतिक दृष्टि से बुन्देलखंड दोनों प्रदेशों के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण बन गया है और दोनों प्रदेश तथा केंद्र सरकार बुंदेलखंड के विकास के सम्बन्ध में बढ़ चढ़ कर बातें कर रही है और बहुत अधिक वित्तीय सनसाधन बुंदेलखंड के लिए आवंटित हो रहे हैं, पर दूरस्त प्रणाली द्वारा संचालित होने के कारण इन विकासपरक प्रयासों का लाभ न तो बुंदेलखंड को मिल पा रहा है और न ही बुंदेलखंड की धरती पर दृष्टिगोचर ही हो रहा है |
देश में इसी प्रकार की पिछड़े एवं उपेक्षित क्षेत्र अलग हो कर उत्तरांचल एवं छत्तीसगढ़ राज्य बने हैं, तबसे क्षेत्रवासियों में अदम्य उत्साह का संचरण हुआ है और इन दोनों राज्यों के विकास की गति कई - कई गुना बढ़ गई है | अलग राज्य बनने के बाद इन दोनों राज्यों के निवासियों में निजता एवं आत्मनिर्णय का भाव उत्पन्न हो गया है और क्षेत्रवासी अपने - अपने प्रदेशों को आगे बढ़ने की ओर तेजी से बढ़ चले हैं |
बुंदेलखंड की एक भिन्न स्तिथि यह भी है कि बुंदेलखंड के आधे जनपद उत्तर प्रदेश एवं आधे जनपद मध्य प्रदेश के अंतर्गत आते हैं | यह भी एक ध्रुव सत्य है कि बुंदेलखंड सांस्कृतिक, पर्यटन एवं खनिज सम्पदा की दृष्टि से काफी समृद्ध है और कदाचित उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की सरकारें यह नहीं चाहेंगी कि उनसे उनका यह हिस्सा अलग हो जाए | यह भी सही है कि मध्य प्रदेश का बुदेलखंड वन एवं खनिज सम्पदा कि दृष्टि से उत्तर प्रदेश स्थित बुंदेलखंड से अपेक्षा अधिक समृद्ध है | अतएव इस बृहत्तर बुंदेलखंड के एकीकरण के फलस्वरूप पूरे बुन्देलखंड का वास्तविक विकास संभव हो सकेगा और उत्तरांचल एवं छत्तीसगढ़ जैसे नए प्रदेशों की भांति बुंदेलखंड के लोग हीन भावना से उबरकर स्वाभिमान एवं निजता के भाव से अपना विकास कर सकेंगे | 


अपना बुंदेलखंड डोट कॉम के लिए श्री जगन्नाथ सिंह पूर्व जिलाधिकारी, झाँसी एवं चित्रकूट द्वारा